नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Jul 27, 2026 / Post views : 13
परसपुर (गोण्डा)। थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम सेमरातर बसंतपुर निवासी राम सिंह कश्यप के पुत्र दीपक कश्यप की सड़क हादसे में मौत के बाद सोमवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक का शव घर पहुंचने पर परिजन उसे पिकअप के बोनट पर शव रखकर परसपुर थाने पहुंचे और ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी तथा उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई, जिससे थाने के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना पर करनैलगंज के क्षेत्राधिकारी आनंद राय मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक राजू सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर एफआईआर की प्रति परिजनों को सौंपी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।
मृतक के पिता राम सिंह कश्यप के अनुसार दीपक 26 जुलाई की रात बाजार से सामान लेकर अपने साथी मुकेश के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में जेसीबी से मिट्टी की खुदाई का कार्य चल रहा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर मिट्टी डाली जा रही थी। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक ट्रॉली पीछे करते समय दीपक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका साथी मुकेश भी घायल हो गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गोण्डा रेफर कर दिया गया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद दीपक को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया, बल्कि काफी देर बाद 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी चालक अपने संसाधनों के साथ मौके से फरार हो गया। हालांकि प्रारंभिक सूचना में अज्ञात वाहन से टक्कर की बात सामने आई थी, लेकिन परिजनों की तहरीर और दर्ज मुकदमे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक राजू सिंह पर लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का आरोप लगाया गया है। क्षेत्राधिकारी करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन