नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Sep 17, 2026 / Post views : 8
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद प्रदर्शन में काजल निषाद और राजा निषाद पर मुकदमा
शव सड़क पर रखकर मार्ग अवरुद्ध करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप
परसपुर (गोंडा)। विनोद कुमार साहनी की मौत के बाद हुए प्रदर्शन के मामले में परसपुर पुलिस ने सपा नेत्री काजल निषाद और राजा निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उप निरीक्षक आकाश दीप की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में दोनों पर मृतक के शव को सड़क पर रखकर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की तहरीर के अनुसार, ग्राम रेक्सडिया निवासी विनोद कुमार साहनी नौ सितंबर को मारपीट में घायल हुए थे। इलाज के दौरान 10 सितंबर को लखनऊ स्थित केजीएमयू में उनकी मौत हो गई। उसी दिन केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को रात में गांव रेक्सडिया लेकर पहुंचे। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश था।11 सितंबर की सुबह मृतक के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान काफी लोग एकत्र थे। आरोप है कि इसी बीच काजल निषाद और राजा निषाद मृतक के घर पहुंचे। तहरीर के मुताबिक, दोनों ने मृतक के परिजनों को आश्वासन देकर उन्हें शव सड़क पर रखने के लिए राजी किया और शव को घर से उठाकर दोपहर करीब 12 बजे चचरी-भौरीगंज मुख्य मार्ग पर रख दिया गया। पुलिस का आरोप है कि शव सड़क पर रखे जाने से सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध हो गया और जनसामान्य तथा यातायात का आवागमन कई घंटे बाधित रहा। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। तहरीर में एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों के भी जाम में फंसने का उल्लेख किया गया है।पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मौके से नहीं हटे। तहरीर में मौके की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने की बात भी कही गई है। पुलिस ने उपलब्ध फोटो-वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन