नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Sep 17, 2026 / Post views : 9

परसपुर (गोंडा)। डेहरास-गोंडा मार्ग पर कटैला के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में सात वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सालपुर पाठक निवासी फिदा हुसैन (40) अपनी मां हबीरन (60) और सात वर्षीय बेटी सायना के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UP32 FM 2280) ने कटेला के पास मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल के ऊपर पलट गई। हादसे में सायना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिदा हुसैन और उनकी मां हबीरन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. लवकेश शुक्ला ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय गोंडा रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन