नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Sep 6, 2026 / Post views : 164





परसपुर। परसपुर थाना क्षेत्र के राजापुर ग्राम पंचायत के बद्दूपुरवा निवासी अरुण कुमार तिवारी की दो सगी बेटियों की रविवार को भौरीगंज स्थित श्रीराम-जानकी घाट पर सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय सुप्रिया तिवारी और नौ वर्षीय सुहानी तिवारी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बहनें सुबह करीब 10 बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर साइकिल से घाट पर मछलियों को चारा डालने गई थीं। दोनों पहले नदी किनारे बैठकर मछलियों को दाना डाल रही थीं। इसके बाद वे नदी में स्नान करने लगीं। इसी दौरान छोटी बहन सुहानी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।





सुहानी को डूबता देख बड़ी बहन सुप्रिया उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई, लेकिन गहरे पानी में वह भी संभल नहीं सकी और दोनों बहनें नदी में डूब गईं। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ दोनों की तलाश में जुट गई।




इसी बीच भौरीगंज निवासी तुषार तिवारी, रामू तिवारी और रामू के पुत्र ने नदी में गोता लगाकर दोनों बहनों को बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सुप्रिया तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी, जबकि सुहानी छठवीं कक्षा में पढ़ती थी।




मृतक बहनों के पिता अरुण कुमार तिवारी पंजाब के फिरोजपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। परिवार में तीन बहनें थीं। बड़ी बहन करीब 17 वर्षीय एकता तिवारी अपनी मां रीना तिवारी के साथ घर के कामों में हाथ बंटाती है। दो बेटियों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रीना तिवारी, बड़ी बहन एकता तिवारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।




इस घटना के संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि सरयू घाट भौरीगंज पर दो बालिकाओं के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नदी से बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से सीएचसी परसपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन