सूचना
नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Oct 18, 2026 / Post views : 16

परसपुर (गोंडा)। परसपुर-करनैलगंज सीबीएन मार्ग पर आंटा स्थित धर्मकांटा के सामने रविवार को अचानक सांड़ के आ जाने से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती घायल हो गई। युवक अपनी साढ़ू की बेटी को मुंबई जाने वाली ट्रेन पर बैठाने के लिए करनैलगंज रेलवे स्टेशन जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। तरबगंज थाना क्षेत्र के उमरापुर गांव निवासी शिवप्रकाश मौर्य (30) पुत्र कृष्ण प्रसाद मौर्य अपनी साढ़ू की बेटी नीलम को अवध एक्सप्रेस ट्रेन पर बैठाने के लिए बाइक से करनैलगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। परसपुर-करनैलगंज सीबीएन मार्ग पर आंटा स्थित धर्मकांटा के सामने अचानक सांड़ के आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई। हादसे में शिवप्रकाश और नीलम घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नीलम का उपचार किया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परसपुर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन