नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 9
लापरवाही बरतने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी,चौकी प्रभारी अंकित सिंह व बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती निलंबित

परसपुर (गोंडा)। परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेक्सड़िया गांव निवासी बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी (45) पर बुधवार रात दुकान बंद कर घर लौटते समय कुछ लोगों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच से सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने लापरवाही बरतने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह व बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। साथ ही जनपदीय स्थापना बोर्ड के निर्णय के अनुसार दोनों स्थानों पर नई तैनाती की गई है। 10 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार खोड़ारे थाने के थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थानाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। वहीं, पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक ज्ञान सिंह को थाना खोड़ारे का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस के अनुसार बीते नौ सितंबर को रेक्सड़िया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी बुधवार रात करीब आठ बजे अपनी बर्तन की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। लल्लन यादव की दुकान के पास तीन-चार मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब आठ-दस लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों के पास कांता और भाला जैसे धारदार हथियार भी थे। मारपीट के दौरान विनोद ने शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह, सुभाष सिंह और नंद कुमार सिंह समेत कुछ लोगों को पहचान लिया था। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल विनोद साहनी को उपचार के लिए ले गए जहां पर हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू (लखनऊ ) रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विनोद साहनी पुत्र अतारु लाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह, नंद कुमार सिंह और सुभाष सिंह समेत पांच से सात अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2) और 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह कर रहे थे। गोंडा पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि लिखित शिकायत में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विनोद की ओर से वर्ग विशेष के विरुद्ध सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। कारोबारी की इलाज के दौरान मौत के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं लापरवाही बरतने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह व बीट प्रभारी अभिमन्यु भारती को निलंबित कर विभागीय जांच की जा रही है। इनके स्थान पर कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थानाध्यक्ष और उपनिरीक्षक निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी का प्रभार दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन