नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, May 21, 2026 / Post views : 12


परसपुर ( गोंडा ) : समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों कार्यकर्ता परसपुर में एकत्रित हुए और बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक, पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह ने परसपुर क्षेत्र में ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ निकालने की घोषणा की थी। सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन स्थल पर इकट्ठा हुए, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा रैली निकालने की अनुमति न दिए जाने पर सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में बैलगाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन करते नजर आए। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए और आम जनता को राहत देने की मांग उठाई। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन स्थानीय अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल कम करने, दवाइयों, गृह उपयोगी वस्तुओं एवं एलपीजी गैस के दाम घटाने, गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी दूर कर सुचारु तौल सुनिश्चित कराने तथा बिचौलियों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने तथा पुलिस उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।


वहीं नीट परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट का समाधान कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी परेशान है। पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर तत्काल राहत प्रदान करे। इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी टॉफी उपहार में दिए जाने को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने ज्ञापन के साथ टॉफी का एक पैकेट अपने हाथ में लेते हुए कहा, “देश की जनता महंगाई से पीड़ित है और प्रधानमंत्री जी टॉफी गिफ्ट कर रहे हैं।”


इस दौरान करनैलगंज नायब तहसीलदार विकास, थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी व पुलिस टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में अरुण त्रिपाठी, सूरज सिंह, संदीप पांडेय, विनोद मिश्रा, गौरव सिंह, शुभम सिंह, राजन सिंह, शिवेंद्र सिंह, मनोज, अमरनाथ यादव, महबूब खान, बबलू खान, राजेश तिवारी, कलीम खान, गोलू, मोसिन, अमन सिंह, रामू कुमार, हर्षित सिंह, गोविंद कनौजिया, शिवम कनौजिया, तेज कुमार, आदिल, ननकऊ नेता, लल्लन पांडेय, विशाल सिंह, शुभम दूबे, शिवा सिंह,रामसागर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन