नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Jun 23, 2026 / Post views : 13

परसपुर ( गोण्डा ) : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य, शांति और निरोग जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित विशेष समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के गोण्डा जनपद के प्रसिद्ध इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया को योग के प्रति उनके समर्पण, नियमित अभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली के प्रचार-प्रसार तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'योग गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सूर्या फाउंडेशन, राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) एवं दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

सम्मान पत्र में योग को "स्वस्थ शरीर और शांत मन का वरदान" बताते हुए लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, समूह संपादक डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय, प्रधान संपादक डॉ. शुभम चंद्र पाण्डेय तथा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रशिक्षिका डॉ. वंदना आनंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी समाज में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का कार्य निरंतर करते रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने "योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं" के संदेश को आत्मसात करते हुए नियमित योगाभ्यास करने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन