नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Jun 10, 2026 / Post views : 19
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक युवती ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए छेड़खानी करने वाले एक मनचले को बीच बाजार में ही सबक सिखा दिया। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की बड़गांव चौकी के पास मुख्य स्टेशन रोड का बताया जा रहा है, जहां रात के समय साइकिल से जा रहे एक युवक ने अंधेरे का फायदा उठाकर युवती के साथ बदतमीजी करने का प्रयास किया। युवक की हरकत से नाराज युवती ने चुप रहने के बजाय तुरंत विरोध करते हुए अपनी चप्पल निकाल ली और बीच बाजार में ही मनचले की पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती लगातार उसे चप्पलों से मारते हुए कह रही थी, "और करोगे बदतमीजी?" घटना के दौरान वहां मौजूद किसी राहगीर ने पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। छेड़खानी का मुंहतोड़ जवाब देने वाली युवती की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और संबंधित युवक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन