नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Sep 24, 2026 / Post views : 14
संविधान की प्रस्तावना 37 सेकेंड में सुनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम, एएसपी और डीएम कर चुके हैं सम्मानित

परसपुर/गोण्डा। महज छह साल की उम्र में अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और प्रतिभा के दम पर इटियाथोक क्षेत्र के परसिया बहोरीपुर गांव निवासी रुद्र प्रताप साहू ने जिले का नाम रोशन किया है। पहली कक्षा में पढ़ने वाले रुद्र प्रताप का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। रुद्र ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के नाम महज 45 सेकेंड में सुनाकर अपनी असाधारण याददाश्त का प्रदर्शन किया। इसके अलावा उन्होंने भारतीय संविधान की प्रस्तावना भी महज 37 सेकेंड में सुनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

रुद्र की प्रतिभा केवल जिलों के नाम और संविधान की प्रस्तावना तक सीमित नहीं है। वह भारत के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम, सामान्य ज्ञान के करीब 100 सवालों के जवाब और कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी सहजता से बता देता है। उसकी इस असाधारण प्रतिभा से प्रभावित होकर अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी उसे सम्मानित कर चुके हैं। दोनों अधिकारियों ने रुद्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

छह साल की उम्र में रुद्र की इस उपलब्धि से उसके परिवार के साथ ही पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने के बाद रुद्र की प्रतिभा की चर्चा क्षेत्र में हो रही है। उसकी स्मरण शक्ति और ज्ञान के प्रति लगन अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है। परिवार और ग्रामीणों ने रुद्र की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विज्ञापन
विज्ञापन