नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Aug 29, 2026 / Post views : 19

गोण्डा। विकासखंड परसपुर क्षेत्र के ग्राम लोहंगपुर के पूरे पंडित पुरवा निवासी शिखा पांडेय ने यूजीसी-नेट जून 2026 की परीक्षा में भूगोल विषय से जेआरएफ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर की अर्हता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। शुक्रवार को घोषित परीक्षा परिणाम में शिखा ने 300 में 260 अंक प्राप्त किए। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। शिखा के पिता एवं उत्तर प्रदेशीय पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि शिखा ने प्रारंभ से ही पढ़ाई के प्रति विशेष रुचि रखते हुए लगातार मेहनत और लगन से अपनी पढ़ाई पूरी की। उन्होंने बीएचयू, वाराणसी से स्नातक तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की है। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी शिखा ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि परिश्रम का फल मीठा होता है और सच्ची लगन से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। शिखा की उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो ग्रामीण परिवेश में रहकर अपने भविष्य को संवारने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता से यह संदेश दिया है कि सफलता केवल सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। परिवार में भी शिक्षा के प्रति समर्पण और बेहतर माहौल रहा है। उनकी बड़ी बहन डॉ. सौम्या पांडेय एमबीबीएस के बाद एमएस की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि छोटी बहन शशि पांडेय एमबीबीएस की छात्रा हैं। वहीं बड़े भाई सौरभ पांडेय इंजीनियर हैं। परिवार में शिक्षा के प्रति समर्पण और मेहनत की परंपरा ने भी शिखा को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। ग्रामीण परिवेश में रहकर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। शिखा की सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। यदि लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी से लगातार प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य हासिल की जा सकती है। शिखा की सफलता पर उत्तर प्रदेशीय पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पाण्डेय, अरुण कुमार शुक्ला, कृष्णनरायन तिवारी, विपिन सिंह, इंद्रप्रताप सिंह, मनोज पाण्डेय, रामकुमार पाण्डेय, दिनेश पाण्डेय, पवन पाण्डेय, मनोज पाण्डेय सहित परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शिखा ने अपनी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवाओं के सामने मेहनत, लगन तथा आत्मविश्वास की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।
विज्ञापन
विज्ञापन