नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Feb 7, 2025 / Post views : 157

परसपुर (गोंडा) : जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को सुदृढ़ करने तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से "नागरिक संगम" कार्यक्रम की शुरुआत की। नगर पंचायत परसपुर ब्लॉक परिसर में गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से शिकायतें सुनीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कराया ।
नगर क्षेत्र के लोगों ने राशन कार्ड, आवास, पेंशन और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग रखी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और पारदर्शिता बनाए रखना है।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने वार्ड चमरटोलिया और मुरावन टोला पश्चिमी में स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं की समीक्षा कर नगर पंचायत परसपुर को आवश्यक निर्देश दिए। नागरिक संगम कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, जिससे लोगों को सीधे लाभ मिलने की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

नागरिक संगम में सभासदों ने डीएम को सौंपा मांगपत्र

सभासद आदर्श शुक्ला, विपिन सिंह, अंशू शुक्ला, कृष्णकुमार सैनी, अनिल सोनी, रहमत अली, अर्जुन गुप्ता व इरफान ने पत्र देकर मांग की कि कस्बे के चौक बाजार में विद्युत ट्रांसफॉर्मर का लोड अधिक होने से वह बार-बार फुंक जाता है। आगामी दिनों में गर्मी का मौसम आने वाला है और बिजली की खपत बढ़ेगी, ऐसे में पहले से ही यहां उच्च क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने पावर कॉरपोरेशन को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया।

वार्ड नंबर-01 (दलित बस्ती) का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत के वार्ड नंबर-01 (दलित बस्ती) का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी गौरव स्वर्णकार, ईओ अनुराग शुक्ला, डीपीएम नितेश राठौर ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर नगर पंचायत परसपुर चेयरमैन वासुदेव सिंह, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जेई डूडा रजत श्रीवास्तव, बीडीओ उमेश प्रसाद, सीएचसी अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ला, एडीओ आईएसबी राकेश गुप्ता, अनिल सोनी, कृष्णकुमार सैनी, सुनील सिंह, रोहित सिंह, अखिलेंद्र प्रताप सिंह व रमेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की इस पहल ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन