नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Sep 5, 2026 / Post views : 6

परसपुर। विकासखंड परसपुर शिक्षा क्षेत्र स्थित राजा भगवती प्रसाद सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परसपुर में शनिवार, 5 सितंबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस शिक्षक दिवस के रूप में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पांडेय एवं उप प्रधानाचार्य डी.एन. पांडेय ने केक काटकर शिक्षक दिवस समारोह की शुरुआत की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक केक काटकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को याद किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें कलम भेंटकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने कहा कि गुरु हमारे जीवन में ज्ञान, संस्कार और सही दिशा का प्रकाश फैलाते हैं तथा हमारे भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों को कलम भेंट किए जाने के इस भावपूर्ण क्षण ने शिक्षक-शिष्य के आत्मीय संबंधों को और मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पांडेय ने विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन महान शिक्षक, दार्शनिक एवं शिक्षाविद् थे। उन्होंने शिक्षा को व्यक्ति के चरित्र निर्माण और राष्ट्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार माना। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उनके जन्मदिवस को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।


प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सही मार्ग चुनने, अनुशासन का पालन करने और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। वहीं उप प्रधानाचार्य डी.एन. पांडेय ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच सम्मान, विश्वास और सीखने की भावना ही शिक्षा की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पांडेय, उप प्रधानाचार्य डी.एन. पांडेय, नीरज सिंह, राम मूर्ति तिवारी, रुद्र सिंह, सुनीता सिंह, अंकिता सोनी एवं मीना तिवारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन