नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Sep 2, 2026 / Post views : 10
परसपुर, गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मधईपुर कुर्मी के मजरे मोल्हू पुरवा के पास बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक पर महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। अचानक हुए झपट्टे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। चेन खींचे जाने से उसके गले में भी खरोंचें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अभिषेक, अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से घटना की जानकारी ली।लखनऊ निवासी ममता कश्यप पत्नी मनी प्रकाश कश्यप रक्षाबंधन पर अपनी सात वर्षीय बेटी के साथ परसपुर के चौहरजा पुरवा स्थित मायके आई थीं। बुधवार को ससुराल लौटने के लिए वह अपने भाई के घर से पसका रोड पर पहुंचीं और वाहन का इंतजार करने लगीं। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक सवार से परसपुर बाजार तक छोड़ने के लिए लिफ्ट मांगी। ममता के अनुसार, बाजार की ओर जाते समय दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को पहले क्रॉस किया। कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवकों ने बाइक वापस घुमाई और उनकी बाइक में हवा कम होने का इशारा किया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों युवकों ने चलती बाइक पर झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और बाइक से तेज गति में फरार हो गए। अचानक चेन खींचे जाने से ममता का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। चेन खींचने के दौरान उनके गले में भी खरोंचें आईं।ममता के भाई सुरेंद्र कुमार कश्यप ने बताया कि उनकी बहन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। उनके अनुसार छीनी गई सोने की चेन करीब 10 ग्राम वजन की थी, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन