नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jun 28, 2026 / Post views : 16
परसपुर (गोंडा)। थाना परसपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुसुन्डा पूरे रामदयाल पुरवा निवासी विजय कुमार शुक्ला पुत्र स्वर्गीय लवकुश शुक्ला की तहरीर पर परसपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार उनके पुत्र श्रीधर शुक्ला उर्फ सूरज शुक्ला ने 23 जून 2026 को लगभग सायं 4:30 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में उसकी पत्नी दिव्या पुत्री अश्वनी कुमार, ससुर अश्वनी कुमार पुत्र स्वर्गीय सत्यराम तथा सास सुनीता देवी पत्नी अश्वनी कुमार निवासी सुसुन्डा पूरे रघुवीर पुरवा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इस मामले में थाना परसपुर पुलिस ने मु0अ0सं0 290/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्तों दिव्या, अश्वनी कुमार एवं सुनीता देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी करनैलगंज के पर्यवेक्षण में मामले की विवेचना उपनिरीक्षक असगर अली द्वारा की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन