सूचना
नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Oct 12, 2026 / Post views : 14


परसपुर (गोंडा)। नगर पंचायत परसपुर के मुख्य चौराहे पर मंगलवार को बालपुर रोड पर एक बेकाबू क्रेन ने सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकों को टक्कर मार दी। इनमें एक स्कूटी भी शामिल थी। हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। दुर्घटना के बाद क्रेन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन में फंसी बाइकों को बाहर निकलवाया। हादसे में शाहपुर धनावा निवासी जय सिंह की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। उनकी बाइक का नंबर यूपी 43 BD 5662 है।


घटना के बाद मुख्य चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटने से कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार के मुख्य चौराहे के चारों ओर दुकानदारों की ओर से सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण किए जाने से रास्ता संकरा हो गया है। वहीं, बाजार आने वाले लोग भी सड़क किनारे और पटरियों पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की दोनों पटरियों से अतिक्रमण हटाकर वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि संकरी सड़क के कारण क्रेन की चपेट में तीनों वाहन आ गए। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन