गोंडा : बीएलओ पर दबाव और फॉर्म-07 भरवाने का आरोप, डीएम से की गई लिखित शिकायत

गोंडा। जनपद में पंचायत निर्वाचन से जुड़े कार्यों को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता बैजनाथ दुबे ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक बावन सिंह द्वारा जबरन बीएलओ पर दबाव बनाकर फॉर्म-07 भरवाया जा रहा है। बैजनाथ दुबे के अनुसार, कई बूथों पर बीएलओ स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी गोंडा को लिखित शिकायत भी दी गई है। सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि यदि कहीं भी गलत तरीके से फॉर्म भरवाया गया तो उसकी जानकारी सामने आने पर वह कानूनी और राजनीतिक स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत क्षेत्रों के कुछ बूथों पर बीएलओ पर दबाव डालकर मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म भरवाने का प्रयास किया गया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि इस तरह की कार्यप्रणाली से ग्रामीण मतदाता भय और भ्रम की स्थिति में हैं। बैजनाथ दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बीएलओ को दबावमुक्त वातावरण में कार्य करने दिया जाए और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधि की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



