सूचना
नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Aug 5, 2025 / Post views : 416

कर्नलगंज, गोंडा। विकासखंड हलधरमऊ के ग्राम कस्तूरी निवासी पत्रकार एवं एलआईसी अभिकर्ता शिवकुमार पाण्डेय की पुत्री ज्योति पाण्डेय ने क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। ज्योति का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस रेडियो विभाग में असिस्टेंट रेडियो ऑपरेटर के पद पर हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। रविवार, 3 अगस्त 2025 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ज्योति पांडेय को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस सम्मानपूर्ण अवसर पर ज्योति की मेहनत, लगन और समर्पण की चर्चा हर ओर हो रही है।

उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गर्व महसूस कराया, बल्कि ग्राम कस्तूरी और आस-पास के क्षेत्रवासियों को भी प्रेरित किया है। जैसे ही उनके चयन की सूचना फैली, सगे-संबंधियों, शुभचिंतकों व ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। ज्योति की सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन गई है जो सरकारी सेवा में जाने का सपना देखते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सहित जिले के सभी पत्रकारों ने भी बधाई देते हुए ज्योति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिवार की ओर से सभी शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार प्रकट किया गया है। ज्योति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता और गुरुजनों को दिया है। ज्योति की इस सफलता ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि संकल्प, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन