नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Jun 26, 2026 / Post views : 11



परसपुर, गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नरायनपुर जयसिंह के बभनन पुरवा निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हवलदार श्याम बिहारी पांडेय (46) का प्रशिक्षण के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। शुक्रवार शाम जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर पैतृक गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई तथा हर आंख नम दिखाई दी।



श्याम बिहारी पांडेय सीआरपीएफ की 79वीं बटालियन में श्रीनगर में तैनात थे। वह पदोन्नति (प्रमोशन) से संबंधित पांच दिवसीय प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए मध्य प्रदेश के नीमच गए हुए थे। गुरुवार सुबह नाश्ता करने के कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी जवान उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने उनकी मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) बताया। 


परिजनों के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब 9:25 बजे उनकी परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके कुछ समय बाद उनके निधन की सूचना मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को विमान से लखनऊ लाया गया, जहां से सीआरपीएफ के विशेष वाहन द्वारा शव को उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। गांव में पार्थिव शरीर पहुंचते ही पत्नी सुनीता देवी, माता कृष्णा देवी, पुत्र अविनाश पांडेय एवं आयुष पांडेय तथा पुत्री प्रियंका सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सभी ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सरयू नदी स्थित पंचवटी शुद्धवीर घाट पर पूरे सैनिक एवं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। 


अयोध्या स्थित सीआरपीएफ की 63वीं बटालियन के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने वीर साथी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान जवानों ने तीन राउंड फायर कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत हवलदार के बड़े पुत्र अविनाश पांडेय ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, सीआरपीएफ के जवानों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति रही। 


सभी ने मातृभूमि की सेवा में समर्पित वीर जवान हवलदार श्याम बिहारी पांडेय के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और देश के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन