नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jun 28, 2026 / Post views : 93

परसपुर (गोंडा)। नगर पंचायत परसपुर बाजार निवासी युवा समाजसेवी एवं ब्लड डोनर मोनू चौरसिया को मानव सेवा एवं स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविटीज) के तत्वावधान में आयोजित "संवेदना–2 इंटरनेशनल ब्लड डोनेशन एंड अवेयरनेस कैंपेन" के दौरान प्रतिष्ठित "वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड" द्वारा अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह लखनऊ स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवी, स्वैच्छिक रक्तदाता एवं अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, पूर्व राज्य मंत्री नटवर गोयल, उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश नेतृत्वकर्ता संदीप बंसल, 'स्माइल मैन' के नाम से प्रसिद्ध समाजसेवी सर्वेश अस्थाना तथा विश्वविद्यालय के निदेशक राजकुमार मित्तल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए सम्मानित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। 
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने मोनू चौरसिया को सम्मान-पत्र प्रदान किया, जबकि पूर्व राज्य मंत्री नटवर गोयल ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मोनू चौरसिया अब तक 49 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर चुके हैं। इसके साथ ही वे नियमित रूप से रक्तदान शिविरों के आयोजन तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। उनके सामाजिक कार्यों और मानवीय सेवा के कारण क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान बनी हुई है। मोनू चौरसिया को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से परसपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि पर शिवम कौशल, अभय सिंह कोटेदार , अंशू सिंह सभासद नीरज सिंह, विजय चौरसिया, सभासद जगदीश सोनी, तिलकराम वर्मा, बबलू गुप्ता, जीतू सिंह, किशन मिश्रा, ओमप्रकाश पांडेय, संजीव सिंह, देवेंद्र सिंह 'काका', नरेंद्र सोनी, संतोष चौरसिया सहित अनेक क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर समाज सेवा की कामना की।
विज्ञापन
विज्ञापन