नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Mar 26, 2026 / Post views : 59



परसपुर ( गोंडा ) : नगर पंचायत परसपुर स्थित बालपुर रोड पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक संख्या यूपी 15 CT 5764 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फल और गन्ने के जूस की दुकानों में जा घुसा, हादसे में अब्बास अली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक भारत गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर लादकर नवाबगंज मार्ग से परसपुर की ओर आ रहा था, जैसे ही चालक ने बालपुर मार्ग की ओर ट्रक मोड़ा, अचानक वाहन की स्टेयरिंग फेल हो गई, इसके चलते ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों व टिन शेड में जा घुसा, जिससे वहां लगे फल के ठेले बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, एक मोटरसाइकिल भी ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई और फल का सामान दूर तक बिखर गया, जिससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ।


बताया गया कि घटनास्थल पर शफीक शाह पुत्र रमराज निवासी साईं तकिया परसपुर गन्ने के जूस की दुकान लगाते हैं, जबकि अब्बास अली, इबरार पुत्र मंगरे व निजामुद्दीन पुत्र मंगरे निवासी कटहरी बाग चौराहे पर फल के ठेले लगाते हैं, हादसे में अब्बास अली को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


घटना के समय सुबह का वक्त होने के कारण कुछ दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही हादसा दिन के व्यस्त समय में होता तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था। हादसे के बाद स्थानीय दुकानदारों व व्यवसायियों में आक्रोश व्याप्त हो गया और काफी देर तक मौके पर भीड़ बनी रही।


सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए स्थिति का जायजा लिया, वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की जा रही है, घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं, कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, जबकि प्रारंभिक तौर पर वाहन की स्टेयरिंग फेल होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन