नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, May 30, 2026 / Post views : 14
गोण्डा। लोकतंत्र की सफलता और समाज की जागरूकता में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता केवल समाचारों का संप्रेषण नहीं, बल्कि जनभावनाओं, जनसमस्याओं और जनसरोकारों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा टाउन हाल में आयोजित भव्य सहभोज एवं सम्मान समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल्यों, दायित्वों और बदलते परिवेश में उसकी चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं एलबीएस डिग्री कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. ओंकार पाठक ने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य, निष्पक्षता और जनहित की रक्षा करना है। पत्रकारिता सत्य, सुंदर और शिव की भावना पर आधारित एक सामाजिक दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ने पत्रकारिता को नई गति और व्यापकता प्रदान की है, लेकिन इसके साथ पत्रकारों की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। पत्रकारों को तथ्यों की गहराई तक पहुंचकर निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार प्रस्तुत करने चाहिए तथा पीत पत्रकारिता जैसी प्रवृत्तियों से स्वयं को दूर रखना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार के.बी. सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज, शासन और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाता है। उसकी लेखनी जनमत निर्माण का कार्य करती है, इसलिए पत्रकारों को सदैव सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार आर.जे. शुक्ल ने कहा कि समाचार लेखन में शब्दों का चयन, भाषा की मर्यादा और प्रस्तुतीकरण की गरिमा पत्रकार की विश्वसनीयता को निर्धारित करती है। एक जिम्मेदार पत्रकार वही है जो संवेदनशीलता और संतुलन के साथ अपनी बात समाज तक पहुंचाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, विशिष्ट अतिथि डीपीआरओ लालजी दुबे, डीआईओएस डॉ. रामचन्द्र, बीएसए अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. ओंकार पाठक, डॉ. रेखा शर्मा, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार दूबे, मंडल महामंत्री बागीश तिवारी एवं यशोदानंदन तिवारी सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
समारोह के दौरान शिक्षिका कल्पना तिवारी ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से पत्रकारों के दायित्व, संघर्ष और समाज में उनकी भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों, चिकित्सा क्षेत्र के समर्पित चिकित्सकों, विकास कार्यों में अग्रणी ग्राम प्रधानों तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एस.पी. शुक्ला ने किया। समारोह में विष्णु दत्त सिंह बिसेन, विवेक तिवारी, अखिलेश त्रिपाठी, राकेश दत्त राम पांडे, विष्णु प्रताप मिश्रा, बीएम तिवारी, रमेश पांडे, योगेश पाण्डेय, श्रीनाथ रस्तोगी, हेमन्त पाठक, प्रदीप तिवारी बुलेट, रणविजय सिंह, अखिलेश शुक्ला, गुरबचन शर्मा, कुलदीप तिवारी, रमेश चंद तिवारी, रामकुमार कौशल, दीपक कौशल, बृजभूषण तिवारी, आनंद कुमार पांडे, अशहद आरिफ, बैजनाथ अवस्थी, अतुल यादव, राहुल तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र चौधरी, दिनेश पांडे, राजू शुक्ला, मनीष तिवारी, आत्माराम शुक्ला, राजकुमार मिश्रा सहित सैकड़ों पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन