नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Jul 18, 2026 / Post views : 8


गोंडा। जिले में शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे करनैलगंज, परसपुर और खरगूपुर थाना पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बालपुर चौकी क्षेत्र के पंडित पुरवा मोड़ के पास हुई इस कार्रवाई में चुनमुन चौहान उर्फ विशाल, शिवकुमार और रोशन लाल को दबोचा गया। मुठभेड़ के दौरान चुनमुन के दाहिने पैर और शिवकुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जबकि तीसरे आरोपी रोशन लाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करनैलगंज, परसपुर और खरगूपुर थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया गया था। कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 19 हजार 400 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार करीब पांच दिन पहले इन्हीं आरोपियों ने चौराहा स्थित दो सर्राफा दुकानों के शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के दौरान आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गई थीं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी परसपुर और खरगूपुर थाना क्षेत्रों सहित गोण्डा, बहराइच और श्रावस्ती जनपदों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के मुताबिक रोशन लाल के खिलाफ 46, चुनमुन चौहान उर्फ विशाल के खिलाफ 27 तथा शिवकुमार के खिलाफ 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपी हाल ही में जेल से छूटे थे और सक्रिय होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है तथा तीनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन