नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Jul 1, 2026 / Post views : 19

परसपुर (गोण्डा)। परसपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार की रात कर्नलगंज-परसपुर मार्ग स्थित आटा बाजार में संचालित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब एक लाख दो हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने बड़ी सफाई से बिजली के कनेक्शन काट दिए तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।


घटना की जानकारी बुधवार की सुबह होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम करूवा के कुंभरौरा निवासी राजीव गोस्वामी आटा बाजार में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं, जहां प्रतिदिन ग्राहकों द्वारा जमा-निकासी का कार्य किया जाता है। मंगलवार शाम वह रोज की तरह केंद्र बंद कर अपने घर चले गए थे। उनके अनुसार कैश काउंटर की दराज में उनके निजी एक लाख दो हजार रुपये रखे थे। देर रात चोरों ने पहले शटर में लगे दोनों ताले तोड़े, फिर अंदर प्रवेश कर बिजली बोर्ड के कनेक्शन काट दिए और सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद नकदी रखी दराज का लॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल न होने पर पूरी दराज उखाड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।


बुधवार सुबह करीब पांच बजे मकान मालिक बासुदेव सिंह ने शटर का ताला टूटा देख संचालक राजीव गोस्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पीआरवी तथा परसपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठान में इतनी बड़ी चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।


इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन