नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Apr 30, 2026 / Post views : 8
परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरसड़ी स्थित सावित्री भारत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना में सावित्री भारत गैस एजेंसी के मालिक आशु सिंह और कर्नलगंज के पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह “लल्ला भैया” के पुत्र कुंवर कमलेन मोहन सिंह व उनके समर्थकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार चरसड़ी स्थित सावित्री भारत गैस एजेंसी पर पिछले कई दिनों से गैस वितरण में अनियमितता की शिकायतें मिल रही थीं। क्षेत्रीय ग्रामीणों को समय से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। ग्रामीणों की समस्या को लेकर पूर्व विधायक लल्ला भैया के पुत्र कुंवर कमलेन मोहन सिंह अपने समर्थकों के साथ गैस एजेंसी पहुंचे और एजेंसी मालिक आशु सिंह से गैस न मिलने का कारण पूछा। आरोप है कि इस दौरान एजेंसी मालिक आशु सिंह ने तीखे लहजे में जवाब देते हुए कहा कि “हम आपको जवाब देना उचित नहीं समझते हैं।” इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। एजेंसी परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान कुर्सी, सिलेंडर और पंखों तक से मारपीट की गई। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हंगामे के चलते एजेंसी परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही परसपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले को शांत कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन