नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Apr 11, 2026 / Post views : 32




गोंडा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की परसपुर नगर इकाई द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महर्षि दयानंद वैदिक इंटर कॉलेज, तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज तथा महावीर पब्लिक इंटर कॉलेज भौरीगंज के परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विधिवत सामूहिक ‘वंदे मातरम’ का गायन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित विद्यार्थी परिषद के गोंडा विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रगीत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों के भीतर जोश और समर्पण की भावना जागृत की थी। उन्होंने इसके 150 वर्षों के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि यह गीत आज भी देशवासियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान नगर इकाई के प्रमुख पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे, जिनमें नगर मंत्री शिवम मिश्रा, सह मंत्री आनंद सोनी तथा सोशल मीडिया संयोजक आशुतोष वर्मा ने आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में संबंधित संस्थानों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एक साथ खड़े होकर अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन करते हुए दिखाई दिए, जिससे संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा। विद्यार्थी परिषद का यह प्रयास युवाओं में राष्ट्रीय चेतना एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन