नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Sep 1, 2025 / Post views : 50

परसपुर ( गोंडा ) : परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नंदौर के डल्लू पुरवा निवासी अमिरका निषाद के 26 वर्षीय पुत्र तिलकराम निषाद की सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तिलकराम शाम लगभग सात बजे शाहपुर भौरीगंज मार्ग पर बाइक से जा रहे थे तभी अचानक उनका नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने जब उन्हें खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा तो तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉयल 112 की टीम और शाहपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परसपुर भेजा गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के साढ़ू राजेन्द्र और गांव के युवक आशीष ने बताया कि तिलकराम परिवार में बड़े थे और उनका छोटा भाई मंशाराम दिल्ली में एक निजी फैक्ट्री में काम करता है। तिलकराम के पिता का निधन बचपन में ही हो गया था जबकि मां का देहांत एक माह पहले बीमारी के कारण हो गया था। पूरे परिवार की जिम्मेदारी तिलकराम के कंधों पर ही थी। एक सप्ताह पूर्व ही उनकी पत्नी अनीता ने एक पुत्र को जन्म दिया था जिसकी बरही भी अभी नहीं हुई है। जैसे ही तिलकराम की मौत की खबर गांव पहुंची घर में कोहराम मच गया। पति के मृत्यु की सूचना पाकर पत्नी अनीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन