धीरेश त्रिवेदी लखनऊ संवाददाता / Sat, Mar 14, 2026 / Post views : 59
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बगैर पोस्टमार्टम के ही पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर खरिका निवासी उमा देवी (53) पत्नी उमेश चंद्र पांडे शुक्रवार शाम को अपने घर में लगे नल पर कपड़े धो रही थीं। बताया जा रहा है कि उस नल से जेट पंप भी जुड़ा हुआ था। इसी दौरान जब उन्होंने नल का हत्था चलाया तो अचानक करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं
परिवार के लोगों ने जब उमा देवी को जमीन पर गिरा देखा तो आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मथुरा ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिवाकांत पटेल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
उक्त घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक राजाराम यादव ने मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
महिला की अचानक हुई मौत से पूरे घर में शोक का माहौल है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी
शेखर न्यूज सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन