नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Apr 30, 2026 / Post views : 13


गोंडा ( बालपुर ) : लालापुरवा बालपुर जाट निवासी सुनील सिंह की 8 वर्षीय बेटी शिवानी की गुरुवार को गोंडा-लखनऊ हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन बढ़ने पर पुलिस को लाठी फटकारकर लोगों को खदेड़ना पड़ा। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सुनील सिंह अपनी बेटी शिवानी, 2 वर्षीय बेटे अनूप और 4 वर्षीय भतीजी नैंसी के साथ कपड़े खरीदने बाजार जा रहे थे। सभी लोग बड़े भाई अनिल सिंह के ई-रिक्शा में सवार थे। तिवारी पुरवा बालपुर जाट के पास गोंडा से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार ईको कार ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिवानी का सिर ई-रिक्शे में लगे लोहे के एंगल से टकरा गया और वह सड़क पर जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ईको चालक गाड़ी लेकर भागने लगा और इसी दौरान गाड़ी का पहिया बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अनूप और नैंसी घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने करीब 100 मीटर पीछा कर ईको कार को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव सड़क पर रखकर गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने परिजनों से कहा कि पुलिस शुरुआत से आखिर तक उनके साथ है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से जाम हटाने और पुलिस को शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने देने की अपील की। हालांकि कुछ लोग विरोध करते रहे, जिसके बाद पुलिस ने लाठी फटकारकर लोगों को खदेड़ा और करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुलवाया। मृत बच्ची के पिता सुनील सिंह ने बताया कि वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके चार बच्चे हैं और शिवानी इस बार कक्षा 3 में गई थी। 5 मई को भतीजे अजय की शादी है, जिसके लिए बच्चों को कपड़े दिलाने बाजार जा रहे थे। बेटी की मौत के बाद मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी कब्जे में ले ली गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन