नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jun 28, 2026 / Post views : 59
परसपुर (गोंडा)। थाना परसपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूरे दिवाकर तिवारी पुरवा में 24 जून 2026 को नवविवाहिता निधि तिवारी (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में परसपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के वांछित अभियुक्त शिवम तिवारी पुत्र राजेश तिवारी निवासी तिवारी पुरवा, मौजा पूरे तिवारी, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी करनैलगंज के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष परसपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को ग्राम सुकई पुरवा बंधा नन्दौर, थाना परसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। बताते चलें कि 24 जून 2026 की शाम लगभग चार बजे निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिसके बाद मायके पक्ष के राजकुमार पांडे पुत्र स्वर्गीय अमला प्रसाद पांडे निवासी ग्राम कोदरैला, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव को अंतिम संस्कार के लिए पसका घाट ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई तथा फॉरेंसिक टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस लगातार अभियुक्त की तलाश में जुटी रही और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि बीएनएस एवं डीपी एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त शिवम तिवारी पुत्र राजेश तिवारी निवासी ग्राम तिवारी पुरवा, पूरे तिवारी को ग्राम सुकई पुरवा बंधा नन्दौर से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन