नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Mar 10, 2026 / Post views : 75


परसपुर (गोण्डा)। महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय परसपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस पर मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय पूरे राम भरोसे पाण्डेय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी व डॉ. अजीत सिंह के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती वंदना वर्मा तथा शिवगोपाल शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।



इसके बाद दोनों कार्यक्रमाधिकारियों तथा परसपुर थाना के डीपी शुक्ला मंगल पांडेय के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता विषय पर रैली निकाली गई। रैली कम्पोजिट विद्यालय पूरे राम भरोसे पाण्डेय चरौंहा से शुरू होकर परसपुर चौराहे तक पहुंची जहां स्वयंसेवकों ने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा ट्रिपल सवारी न चलने के लिए जागरूक किया। इस दौरान एनएसएस के स्वयंसेवक लक्ष्मी पाण्डेय, अर्पित मिश्रा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।

रैली के बाद शिविर स्थल पर लौटकर स्वयंसेवकों ने भोजन ग्रहण किया। इसके पश्चात बौद्धिक सत्र में नशा उन्मूलन विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें गरिमा गौतम प्रथम, नैन्सी सिंह द्वितीय तथा अर्पित मिश्रा और लक्ष्मी पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बाद में सड़क सुरक्षा विषय पर गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान प्रवक्ता नरेन्द्र पाण्डेय ने स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। अंग्रेजी विभाग क

प्रवक्ता शिवम पाण्डेय ने भी यातायात के नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान साक्षी शुक्ला ने नारी सशक्तीकरण विषय पर ‘मैं बेटी हूं, बड़ी प्यारी हूं, मैं नहीं कन्या व्यभिचारी हूं’ पंक्तियों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. ज्योति बाला पाण्डेय, डॉ. दिनेश मिश्र, डॉ. दयाशंकर मिश्र, मुरलीधर मिश्रा, श्रीमती वंदना वर्मा, शिवगोपाल शुक्ल, प्रियंका सिंह,रंजू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन