नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Jul 6, 2026 / Post views : 7


परसपुर (गोण्डा)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती रविवार को भारतीय जनता पार्टी मण्डल परसपुर द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के कडरू (परसपुर) स्थित जन सहयोग केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में करनैलगंज विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके राष्ट्रवादी विचार, त्याग, समर्पण और सेवा की भावना आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जिस मजबूत, आत्मनिर्भर और अखंड भारत की कल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष परसपुर वंश बहादुर सिंह, भाजपा मण्डल अध्यक्ष करनैलगंज आशीष गिरी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन