सूचना
नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Jul 9, 2025 / Post views : 350


परसपुर (गोंडा)। परसपुर चौराहे से राजाटोला होते हुए पसका मार्ग तक की टूटी-फूटी अधूरी सड़क को लेकर सोमवार को क्षेत्रीय नागरिकों ने करनैलगंज विधायक अजय सिंह को ज्ञापन सौंपा। लगभग ढाई किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्षों से कच्ची और जर्जर स्थिति में है, जिससे बरसात में जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने विधायक से इस सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह मार्ग दर्जनों गांवों को जोड़ता है और इसके बन जाने से परसपुर गिर्द, राजाटोला, पूरे दौलत सिंह, खंबा, जबदा, दुरौनी, सकरौर, मरचौर, पूरे लाली सहित कई गांवों की आबादी को परसपुर बाजार पहुंचने में दो किलोमीटर की दूरी कम तय करनी होगी। साथ ही भौरीगंज रोड पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। इस सड़क के निर्माण से सैकड़ों किसानों, मजदूरों और स्कूली बच्चों को भी लाभ पहुंचेगा, क्योंकि उनके खेत-खलिहान और विद्यालय इसी मार्ग पर स्थित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा बन चुकी है और इसका निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। इस अवसर पर विश्वनाथ प्रताप सिंह, प्रशांत सिंह सोमू, विवेक तिवारी (मेडिकल स्टोर), उदय प्रताप सिंह, राघवेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह (गारमेंट्स), श्याम सुंदर पांडेय और अरुण कुमार शुक्ल समेत अनेक ग्रामीण व नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने विधायक से मांग की कि इस अति आवश्यक मार्ग का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन