नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Jun 25, 2026 / Post views : 80
परसपुर ( गोंडा ) : परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पूरे दिवाकर तिवारी पुरवा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बहराइच जनपद के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोदरैला निवासी राजकुमार पांडे पुत्र स्वर्गीय अमला प्रसाद पांडे ने पुलिस को दी गई सूचना में बताया कि उनकी पुत्री निधि तिवारी (25) की शादी 17 मई 2025 को परसपुर थाना क्षेत्र के पूरे दिवाकर तिवारी पुरवा निवासी शिवम तिवारी पुत्र राजेश तिवारी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि 24 जून 2026 को करीब चार बजे निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें पता चला कि शव को अंतिम संस्कार के लिए पसका घाट ले जाया गया है, जहां शव रखा हुआ था। सूचना मिलते ही परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम तथा मजिस्ट्रेट को भी सूचना दी गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतका की कोई संतान नहीं थी। इस घटना के संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन