नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jun 21, 2026 / Post views : 13


परसपुर( गोंडा ) : रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अतुल्य विकास फाउंडेशन, गोण्डा द्वारा मानव विलेज एकेडमी, पंडित पुरवा, उल्लहा में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के बच्चों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए। इस अवसर पर अतुल्य विकास फाउंडेशन के स्वयंसेवकों, सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने बच्चों को योगाभ्यास कराया तथा उन्हें स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


नरेंद्र शर्मा ने बताया कि नियमित योग करने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाती है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर निरोग एवं संतुलित जीवन प्राप्त किया जा सकता है।

योग शिविर में बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देना रहा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन