नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Jun 29, 2026 / Post views : 12
जन्मदिन पर राहुल सिंह चौहान का ऐतिहासिक जनसमर्थन, 'भावी विधायक' व 'भैया विधायक' लिखा केक बना चर्चा का विषय, अयोध्या के संत-महात्माओं, पूर्व सांसद व हजारों समर्थकों ने दिया आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं


परसपुर (गोण्डा)। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता राहुल सिंह चौहान का जन्मदिन इस बार केवल एक निजी आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनसमर्थन, सामाजिक स्वीकार्यता और राजनीतिक सक्रियता का भव्य आयोजन बनकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया। हजारों समर्थकों की मौजूदगी, अयोध्या धाम से पधारे संत-महात्माओं का आशीर्वाद, कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का स्नेह, 151 किलो की विशाल माला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां तथा "भावी विधायक राहुल सिंह चौहान" और "भैया विधायक राहुल सिंह चौहान" लिखे विशेष केक पूरे आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। 27 जून को अपने जन्मदिन के अवसर पर राहुल सिंह चौहान ने सर्वप्रथम कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वह अपने पैतृक आवास ग्राम आटा बैशन पुरवा (परसपुर) पहुंचे, जहां आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में सुबह से ही समर्थकों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों का पहुंचना शुरू हो गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। हजारों लोगों की उपस्थिति से पूरा परिसर जनसैलाब में तब्दील दिखाई दिया और पूरे क्षेत्र में इस आयोजन की चर्चा होती रही। कार्यक्रम में अयोध्या धाम से पधारे अनेक पूज्य संत-महात्माओं ने राहुल सिंह चौहान एवं उनके बड़े भाई त्रिलोकी सिंह को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। संतों के सान्निध्य से पूरा आयोजन आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राहुल सिंह चौहान ने सभी संत-महापुरुषों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, "अयोध्या धाम से चलकर हमारी जन्मभूमि पर हमें आशीर्वाद देने आए परम पूज्य संत-महात्माओं का मैं हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं तथा आशा करता हूं कि सदैव हम पर आपकी कृपा एवं आशीर्वाद बना रहेगा।" जन्मोत्सव समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक गगनदीप सिंह, रमेश दुबे 'रामेशवा' सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे आयोजन स्थल पर राहुल सिंह चौहान के समर्थन में जोरदार नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम के दौरान एक समर्थक द्वारा लाया गया विशेष केक, जिस पर "भावी विधायक राहुल सिंह चौहान" अंकित था, लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं दूसरे केक पर "भैया विधायक राहुल सिंह चौहान" लिखा संदेश भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। दोनों केक के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों और शुभचिंतकों ने तस्वीरें खिंचवाईं, जिससे पूरे समारोह में अलग ही उत्साह दिखाई दिया। इसके बाद समर्थकों ने राहुल सिंह चौहान को 151 किलो की विशाल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। माला पहनाने के दौरान समर्थकों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। राहुल सिंह चौहान ने केक काटकर उपस्थित सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया तथा जन्मदिन समारोह को सफल एवं यादगार बनाने के लिए समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जन्मोत्सव में उमड़ी हजारों समर्थकों की भीड़ ने करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को भी नई गति दे दी है। राहुल सिंह चौहान पहले ही सार्वजनिक रूप से करनैलगंज विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी में हैं। यदि पार्टी नेतृत्व उन पर विश्वास जताता है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और जनता के आशीर्वाद से विजय प्राप्त करने का पूरा प्रयास करेंगे। ऐसे में उनके जन्मदिन पर उमड़ा जनसमर्थन और समर्थकों का उत्साह आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी काफी अहम माना जा रहा है। जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर भी शुभकामनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहा। हजारों लोगों ने राहुल सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि राहुल सिंह चौहान का सामाजिक एवं राजनीतिक जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है तथा उनका जन्मदिन समारोह क्षेत्र की राजनीति और जनचर्चा का प्रमुख विषय बन गया।
विज्ञापन
विज्ञापन