नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, May 3, 2026 / Post views : 16

गोण्डा। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रेक्सडिया गांव में रविवार को सेवानिवृत्त हवलदार गिरीश पाल यादव के प्रथम गृह आगमन पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। द वारियर सैनिक परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रभर के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूर्व सैनिक का जोरदार स्वागत किया। देशभक्ति गीतों, पुष्पवर्षा और जयघोषों के बीच निकली स्वागत यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

संस्था के महासचिव विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परसपुर के आटा से वाहनों का काफिला देशभक्ति गीतों के साथ रेक्सडिया तक निकाला गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर हवलदार गिरीश पाल यादव का अभिनंदन किया। करनैलगंज विधायक अजय सिंह के आटा स्थित जनसेवा केंद्र पर विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह ने पुष्पमाला व अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में सैनिकों का त्याग और समर्पण अतुलनीय है तथा पूरा राष्ट्र उनके योगदान के प्रति सदैव ऋणी रहेगा।

भौरीगंज मोड़ पर विश्व सनातन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर अमित सिंह के तत्वावधान में हरिनाथ सिंह, आचार्य सौरभ शुक्ल, कुलदीप तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत करते हुए काफिले को आगे बढ़ाया। इसके बाद शाहपुर बाजार में स्थानीय लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पैतृक निवास पहुंचने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने रोली-चंदन, पुष्पमाला और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया।

समारोह में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह एवं उनके समर्थकों ने भी अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। गांव के युवाओं को फौजी गिरीश पाल यादव से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे बढ़ना चाहिए। द वारियर सैनिक परिवार के वरिष्ठ संरक्षक राधेश्याम पांडेय ने कहा कि “सेवानिवृत्ति पर केवल वर्दी उतरती है, लेकिन एक फौजी का जज्बा कभी समाप्त नहीं होता।

कार्यक्रम में शिवबच्चन यादव, बृजेश कुमार द्विवेदी, राहुल सिंह, एसपी सिंह, सत्यम सिंह, अनुपम, रामदरश, गप्पूलाल यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन