नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Jun 21, 2025 / Post views : 41
परसपुर (गोंडा)। जनपद गोंडा अंतर्गत परसपुर थाना क्षेत्र के भौरीगंज गांव स्थित मंगलौसा में सोमवार देर शाम करीब 6 बजे बच्चों के मामूली विवाद ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे बड़ों के बीच तनाव और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फुरकान पक्ष के लगभग 40 लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर पर हमला करने पहुंच गए। पीड़ित रामकुमार विश्वकर्मा पुत्र छद्दन विश्वकर्मा का आरोप है कि कैफ राईनी पुत्र लल्लन राईनी, आसिफ पुत्र दादे, दिलशाद पुत्र पप्पू, मुमताज पुत्र धगेलू समेत कई अन्य लोगों ने उनके घर को चारों ओर से घेर लिया और घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए पूरे परिवार को बोटी-बोटी काट डालने की धमकी दी। रामकुमार ने बताया कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि "जैसे हम कासगंज में भैंसा काटते हैं, वैसे ही सबको काट डालेंगे।" उन्होंने पूरे परिवार को गालियां दीं और लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर घर की ओर बढ़ते हैं और बड़कऊ विश्वकर्मा के साथ मारपीट करते हैं। वीडियो के वायरल होते ही मामले ने और तूल पकड़ लिया। सूचना मिलते ही परसपुर थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड़ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे पूरा भौरीगंज गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन