सूचना
नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jul 27, 2025 / Post views : 188
परसपुर (गोंडा)। परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरौनी चौराहा निवासी रोशनी सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही दीपक कश्यप ने उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं और विरोध करने पर मुक्का, थप्पड़, लात-घूसे से मारपीट की, साथ ही धमकी देता हुआ चला गया। इस मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं दूसरी घटना ग्राम गडरियन पुरवा चरहुंआ निवासी लखराजी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि काली प्रसाद, कविता और पूजा रास्ते में जानवर बांधकर रास्ता जाम कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो विपक्षीगण ने गाली-गलौज करते हुए मुक्का, थप्पड़ व लाठी से पीटा। शोर सुनकर बचाने आईं शांति पाल और कुसुम पाल को भी पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में भी एनसीआर दर्ज की गई है। वहीं तीसरी घटना सांई तकिया परसपुर की है जहां एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति उसकी युवती पुत्री को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है ।
विज्ञापन
विज्ञापन