नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, May 21, 2026 / Post views : 20

परसपुर ( गोंडा ) : नगर पंचायत परसपुर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र पर गुरुवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार कमल किशोर सिंह के पहुंचने पर सेवा केंद्र परिवार की ओर से उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। समारोह के दौरान सेवा केंद्र के जनसंपर्क प्रभारी डॉ. सुरेश चंद्र तिवारी ने वरिष्ठ पत्रकार को माला पहनाकर सम्मानित किया।

वहीं, सेवा प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी ने उन्हें रोली-चंदन का तिलक लगाकर आध्यात्मिक सौगात भेंट की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जनसंपर्क प्रभारी डॉ. सुरेश चंद्र तिवारी ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है। निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सही दिशा दिखाने और जागरूक करने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कमल किशोर सिंह लंबे समय से जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं, जो समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। सम्मान समारोह के दौरान सेवा केंद्र पर आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान के विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वरिष्ठ पत्रकार कमल किशोर सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सेवा केंद्र से जुड़े प्रबुद्ध सदस्य और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन