नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Apr 20, 2026 / Post views : 80

परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेहरास के गजराज पुरवा में सोमवार देर रात करीब 10 बजे चुनावी रंजिश को लेकर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के ही कुछ लोगों द्वारा आपसी कहासुनी के बाद जिला पंचायत सदस्य परसपुर पंचम के प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह पर फायरिंग कर दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब भूपेंद्र सिंह अपने घर के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठने जा रहे थे। अचानक हुए हमले में गोली लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और उनकी गाड़ी पास के एक पेड़ से टकरा गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोण्डा रेफर किया गया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि उनके पेट में गोली के छर्रे लगे हैं, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घायल की पत्नी व क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य अनामिका सिंह से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला चुनावी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। भूपेंद्र सिंह क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय बताए जाते हैं और आगामी चुनाव की तैयारी में भी जुटे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन
विज्ञापन