नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, May 23, 2026 / Post views : 28


परसपुर (गोंडा)। परसपुर विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत बेलसर रोड पर चल रहा नाला निर्माण कार्य स्थानीय जनता और छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। महीनों से चल रहे इस निर्माण कार्य की गति इतनी धीमी है कि आए दिन सड़कों के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। ठेकेदार की लापरवाही के चलते सड़क पर ही मिट्टी फैलाकर छोड़ दी गई है, जिससे उड़ती धूल और संकरे रास्ते ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। वर्तमान में भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैली मिट्टी के कारण कई बाइक सवार संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।



वार्ड नं 8 के स्थानीय सभासद विपिन सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासियों को नाला निर्माण कार्य के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या महाकवि तुलसीदास महाविद्यालय परसपुर के छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। इन दिनों महाविद्यालय में परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन घंटों लगने वाले जाम के कारण छात्र-छात्राएं समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। भीषण गर्मी, धूप और उमस के बीच छात्र छात्राओं को सड़क करना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है, जिससे उनकी परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं लगातार लग रहे जाम के कारण स्थानीय दुकानदारों को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लगातार पूरे दिन जाम की स्थिति बने रहने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे दुकानदारी पर असर पड़ रहा है और व्यापार में बाधा उत्पन्न हो रही है। सभासद विपिन सिंह ने बताया कि सड़क के किनारे पर्याप्त जगह न होने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे गिट्टी, मोरंग और मिट्टी पड़ी रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि महीनों से क्षेत्रवासी इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य करा रहे विभाग और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मौन बने हुए हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि नाला निर्माण कार्य तेजी से जल्द पूरा कराया जाए तथा सड़क पर पड़ी मिट्टी, गिट्टी और मोरंग हटवाकर साफ-सफाई कराई जाए, ताकि आमजन को जाम, धूल-मिट्टी और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन