नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Apr 15, 2026 / Post views : 93


परसपुर , गोण्डा। परसपुर शिक्षाक्षेत्र अंतर्गत शिवगढ़ स्थित सावित्री देवी जगजीवन सिंह ग्लोबल स्कूल में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके आदर्शों को स्मरण किया गया।


विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक रस्तोगी ने बाबा साहब के जीवन एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनकी कार्यशैली में शिक्षा, समानता, न्याय और अधिकारों की लड़ाई प्रमुख रही तथा उन्होंने सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और सभी को समान अवसर दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान अतुलनीय है और उनके विचार आज भी देश को एकता, समता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इसके उपरांत उप प्रधानाचार्य अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता एवं न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक बृजेश सिंह, प्रधानाचार्य अभिषेक रस्तोगी, उप प्रधानाचार्य अभिषेक श्रीवास्तव, हिमांशु सिंह, पवन सिंह, दीप्ति सिंह, प्रिंस सिंह, पूजा सिंह, प्रिया सिंह, प्रीति सरोज, मीनू पांडेय, प्रिंसी पांडेय, मुस्कान मंसूरी, सुधा सिंह एवं गणमान्यजनों में राजेश पांडेय (बूथ अध्यक्ष), जंगली सिंह (मंडल मंत्री, सरयू मंडल) उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन