नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Apr 20, 2026 / Post views : 154

परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेहरास के गजराजपुरवा में सोमवार देर रात करीब 10 बजे चुनावी रंजिश को लेकर गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के ही कुछ लोगों से कहासुनी के बाद अज्ञात/नामजद बदमाशों ने भाजपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य परसपुर पंचम की सदस्य अनामिका सिंह के प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह को उस समय गोली मार दी, जब वह अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे। गोली लगते ही उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र सिंह को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले गए, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन हालत अधिक नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के केजीएमयू भेज दिया। बताया जा रहा है कि उनके पेट में गोली के छर्रे लगे हैं और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। भूपेंद्र सिंह पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी बताए जाते हैं और क्षेत्र में सक्रिय राजनीति करते हुए प्रधानी चुनाव की तैयारी में जुटे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित की पत्नी से जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घायल को गोंडा मेडिकल कॉलेज लाते समय साथ आए कुछ लोगों द्वारा सुरक्षा कर्मियों से अभद्रता किए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे सुरक्षा कर्मियों में नाराजगी है। परिजनों का आरोप है कि पूर्व में जान से मारने की आशंका जताने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे यह घटना घटित हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन