नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Apr 22, 2026 / Post views : 29
परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेहरास के गजराज पुरवा निवासी भाजपा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह पर सोमवार की देर रात्रि हुए जानलेवा हमले के मामले में करीब 40 घंटे बाद मुकदमा दर्ज कराया गया है। बुधवार देर शाम पीड़ित भूपेंद्र सिंह ने परसपुर थाने में तहरीर देकर वैभव सिंह उर्फ सोनू सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ मुकुंद सिंह तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। तहरीर में देरी को लेकर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद उनका ऑपरेशन हुआ और परिजन इलाज में व्यस्त रहे, जबकि वह स्वयं बेहोशी की हालत में थे, जिसके चलते तत्काल सूचना नहीं दी जा सकी। पीड़ित के अनुसार सोमवार रात करीब 9:40 बजे वह अपनी स्कॉर्पियो (UP32ME5176) से गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कटहाघाट-डेहरास मार्ग पर पहुंचने से पहले सड़क किनारे चार संदिग्ध व्यक्तियों को खड़ा देखा, जैसे ही वह पास पहुंचे आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी गाड़ी के शीशे पर लगी, जिससे शीशा टूटकर गोली अंदर आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। गाड़ी रुकने के बाद जब भूपेंद्र सिंह बाहर निकलकर भागने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उनके पेट में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग और परिजन मौके पर पहुंचने लगे, जिन्हें आता देख आरोपी फरार हो गए। घायल अवस्था में भूपेंद्र सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित केजीएमसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर वैभव सिंह उर्फ सोनू सिंह निवासी डेहरास, अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ मुकुंद सिंह निवासी सरैया नान्हू सहित दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सौरभ वर्मा को सौंपी गई है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन