नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Mar 30, 2026 / Post views : 48




परसपुर (गोण्डा) : कंपोजिट विद्यालय पूरे दौलत में विभागीय निर्देशानुसार ‘नवारम्भ उत्सव’ बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान पंडित विनोद कुमार पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्रीमती रीना द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं धूप-दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए अपने-अपने बच्चों का नामांकन अनिवार्य रूप से विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए सभी से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।

प्रधानाध्यापक तिलकराम वर्मा ने अभिभावकों को जागरूक करते हुए बताया कि विद्यालय में योग्य एवं विद्वान शिक्षकों द्वारा खेल-आधारित और आधुनिक विधियों से शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि ‘स्मार्टकलश’ जैसी सुविधा के माध्यम से बच्चों को नवीन तकनीकों से पढ़ाया जा रहा है। साथ ही शासन की योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक छात्र को प्रतिवर्ष 1200 रुपये की धनराशि ड्रेस, स्वेटर, जूते-मोजे एवं बैग हेतु उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिभाशाली छात्रों को हर वर्ष ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाता है तथा विज्ञान और गणित विषयों में प्रतिभा निखारने के लिए विद्यालय से लेकर जनपद स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। विद्यालय में प्रतिदिन मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन के साथ निर्धारित दिनों में फल एवं दूध भी वितरित किया जाता है। कार्यक्रम को श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता एवं श्रीमती रेनू सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती पिंटू, सहायिका श्रीमती रीना, अनुचर श्रीमती रिंकी, श्रीमती शुभि सिंह, श्रीमती रेनू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ग्राम प्रधान द्वारा रोली-तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा पुरस्कार देकर आशीर्वाद प्रदान किया गया। वहीं 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का विद्यालय में नामांकन भी कराया गया। अंत में जलपान के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन