नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Jun 29, 2026 / Post views : 27


परसपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र के मरचौर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। गांव के बाहर स्थित एक बाग में गए 14 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मरचौर गांव के चौहानपुरवा निवासी किसान जीत बहादुर सिंह उर्फ जीतू सिंह का पुत्र शिवांश सिंह सोमवार को गांव के बाहर स्थित बाग में गया था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। मृतक शिवांश परसपुर के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि उसकी बड़ी बहन साक्षी स्नातक की छात्रा है। पिता जीत बहादुर सिंह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और दादा शीतल सिंह गांव के कोटेदार हैं। परिजनों ने बताया कि शीतल सिंह इन दिनों डेंगू से पीड़ित हैं और गोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के समय चाचा महेश सिंह भी उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में मौजूद थे। शिवांश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां पिंकी, दादी जावित्री सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
विज्ञापन
विज्ञापन