नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Apr 13, 2026 / Post views : 59

गोण्डा, संवाददाता। जिले में हाईटेंशन विद्युत तार टूटने से पत्रकार रंजीत तिवारी की दर्दनाक मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, जनपद इकाई गोण्डा ने इसे विद्युत विभाग की घोर लापरवाही करार देते हुए मंडलायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रदीप तिवारी व मंडल महामंत्री बागीश तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि यह हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है, जिससे पूरे पत्रकार समाज में रोष व्याप्त है। संगठन ने मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने तथा उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जनपद में जर्जर व लटकती विद्युत लाइनों को तत्काल हटाकर भूमिगत कराया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जांच टीम से संदिग्ध अधिकारियों को हटाने तथा पूरे जिले की विद्युत व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात भी रखी है। इसके अतिरिक्त पत्रकारों के लिए बीमा, श्रम कार्ड, स्थायी समिति की नियमित बैठकें तथा जनपद मुख्यालय पर बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान संगठन के संरक्षक राजकुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, प्रदीप कुमार तिवारी, सुरेश मिश्रा, रणविजय सिंह, राहुल शुक्ला, अशोक पाठक, प्रदीप तिवारी बुलेट, तहसील अध्यक्ष गोंडा विष्णु प्रताप मिश्रा, तहसील अध्यक्ष मनकापुर राकेश, दत्त राम पांडे, तहसील अध्यक्ष करनैलगंज श्रीनाथ रस्तोगी, तहसील अध्यक्ष तरबगंज योगेश कुमार पांडे सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। इस संबंध में देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने बताया कि प्राप्त ज्ञापन के आधार पर जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित कर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन