उत्तरप्रदेश
Trending

गोंडा : मायावी दुनिया में जादूगर मिस्टर इंडिया का दबदबा कायम, मिला भारत के हुनरबाज अवॉर्ड

मायावी दुनिया में जादूगर मिस्टर इंडिया का दबदबा कायम, मिला भारत के हुनरबाज अवॉर्ड

परसपुर गोण्डा : विकास खण्ड परसपुर अन्तर्गत ग्राम सीरपुरवा हरदिहा सपौर निवासी जादूगर मिस्टर इंडिया को ‘भारत के हुनरबाज’ खिताब से नवाजा गया है। ओसिस फिल्म्स चैनल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विश्व चैंपियन रह चुके जादूगर मिस्टर इंडिया ने अपने हैरतअंगेज कारनामों का बेहतरीन प्रदर्शन कर यह खिताब अपने नाम किया।

जादूगर मिस्टर इंडिया ने बताया कि उन्हें परम भूषण अवॉर्ड समेत लगभग पांच दर्जन से अधिक पुरस्कार देश और विदेश से प्राप्त हो चुके हैं। उनका जादू के प्रति रुचि बचपन से ही था। जनपद गोंडा अन्तर्गत विकास खण्ड परसपुर के ग्राम सीरपुरवा हरदिहा सपौर में एक साधारण परिवार में जन्मे मिस्टर इंडिया ने अपने जादू के शौक के कारण एक दिन अपने परिवार को छोड़कर इस मायावी दुनिया में प्रवेश किया। कुछ समय तक गुरु की शरण में रहकर जादू की कला में महारत हासिल की और जब अपने घर वापस आए, तो क्षेत्रवासी आश्चर्यचकित रह गए।

विगत वर्ष 2023 में वियतनाम में आयोजित एक प्रतियोगिता के दौरान लगभग तीन सौ जादूगरों ने भाग लिया था, जिसमें उत्तर प्रदेश के जनपद गोण्डा निवासी जादूगर मिस्टर इंडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद समेत क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस संदर्भ में जादूगर मिस्टर इंडिया ने बताया कि उन्होंने सरकारी कार्यक्रमों के अतिरिक्त जनसेवा करते हुए विभिन्न शीर्षकों और पहलुओं के आधार पर हजारों कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को जागरूक करने का काम किया है।

जादूगर मिस्टर इंडिया की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनके असाधारण कौशल और समर्पण ने उन्हें जादू की दुनिया में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है।

Related Articles

Back to top button