अंतरराष्ट्रीय
Trending

रूस-यूक्रेन जंग के बीच कच्चा तेल रिकॉर्ड स्तर पर, क्या पेट्रोल-डीजल के रेट्स में आज आया कोई बदलाव?

रूस ने बीते दिन यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी, जिसके बाद कच्चे तेल की कीमतों में रिकॉर्ड इजाफा हुआ।अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं। हालांकि, इन सबके बीच आज भारत में सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट्स में कोई बदलाव नहीं किया है और कीमतें स्थिर बनी हुई हैं।

यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई कर रहा रूस

आज भी नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के रेट्स

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। बीते दिन ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि इसका असर भारत में भी पड़ सकता है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज उछाल हो सकता है। हालांकि, आज (शुक्रवार) भी पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं। सरकारी कंपनियों द्वारा शुक्रवार सुबह जारी किए गए तेल के दामों के अनुसार, आज भी पेट्रोल-डीजल के रेट्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 95.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 109.98 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है, जबकि डीजल के दाम 94.14 रुपये प्रति लीटर हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पेट्रोल 104.67 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.79 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। चेन्नई की बात करें तो यहां एक लीटर पेट्रोल के दाम 101.40 रुपये पर बने हुए हैं, जबकि डीजल के रेट 91.43 रुपये पर स्थिर हैं।

…तो क्या चुनाव के बाद बढ़ेंगे दाम?

इन दिनों उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। इन चुनावों के नतीजों का ऐलान 10 मार्च को होगा। ऐसे में अंदेशा लगाया जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल के दाम चुनाव के नतीजों के आने के बाद तेजी से बढ़ सकते हैं। मालूम हो कि तीन नवंबर, 2021 को केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी घटाए जाने के बाद से अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बदले हैं। इसके बाद, लगभग सभी राज्यों ने अपने यहां लगने वाले वैट में भी कटौती की थी, जिससे जनता को राहत मिली थी और पेट्रोल-डीजल के रेट्स कम हो गए थे।

Related Articles

Back to top button